एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी गो तस्कर को किया गिरफ्तार
प्रयागराज, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कि प्रयागराज फील्ड यूनिट ने चन्दौली जिले से 50 हजार रुपये के इनामी गो तस्कर को मंगलवार गिरफ्तार किया है। चंदौली पुलिस ने इनामी आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित बिहार के कैमूर जिले में स्थित दुर्गावती थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी मुकेश राम पुत्र बाल स्वरूप राम है। उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ वर्ष 2025 में चन्दौली जिले के बलुआ थाने में धारा 3/5ए,5बी,8 गो वध निवारण अधिनियम,11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इनामी आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनय तिवारी की टीम को लगाया गया था। टीम ने सूचना आधार पर आज उसे चंदौली जिले के फैमिली रेस्टोरेंट नौबतपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह दो वर्ष पूर्व वाराणसी में रहकर मजदूरी करता था, जहां उसकी मुलाकात पशु तस्करी करने वाले गिरोह से हो गई। इस दौरान गोवंश को वाहन से लेकर बिहार के रास्ते बंगाल जाते समय चंदौली में पकड़े गए थे। कुछ दिन बाद पता चला कि उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर दिया गया। जिसके बाद से छिपकर रह रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

