home page

प्रयागराज में युवती की हत्या,पड़ोसी पर आरोप

 | 
प्रयागराज में युवती की हत्या,पड़ोसी पर आरोप


प्रयागराज, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक घर के समीप गुरुवार को एक युवती का शव मिला। परिवार के लोगों ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के संदलपुर मलेथुआ गांव निवासी रेखा (21) पुत्री राजेंद्र पटेल का शव आज सुबह घर के पास मिला है। मृतका के चेहरे और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।

परिजनों ने पूछताछ में बताया कि मृतक रेखा बुधवार रात अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन सुबह उसका शव घर के पास पाया गया।

एसीपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी पर हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल