शादी का दबाव बनाने पर की थी किशोरी की हत्या, बाल अपचारी गिरफ्तार
प्रयागराज, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सराय इनायत क्षेत्र से गायब किशोरी का शव गुरुवार को मऊआइमा थाना क्षेत्र के हरखपुर नहर के समीप झाड़ियों से आरोपित बाल अपचारी की निशानदेही पर बरामद किया गया। पुलिस कहना है कि परिवार से तहरीर लेकर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र में स्थित जमुनीपुर को गांव की एक महिला ने 21 अप्रैल को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 20 अप्रैल को गांव का ही 17 वर्षीय एक किशोर मेरी नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीम जांच में लगी हुई थी। गुरुवार को पुलिस टीम ने आरोपित बाल अपचारी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो खुलासा हुआ कि नाबालिग किशोरी एवं किशोर में काफी मेलजोल हो गया था। लेकिन बीते कुछ दिनों से वह दबाव बना रही थी कि शादी कर लो। लेकिन आरोपित उससे शादी नहीं करना चाहता था। जिससे आरोपित बाल अपचारी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पूछताछ के दौरान बाल अपचारी ने बताया कि अपनी प्रेमिका को फोन कर बुलाया और उसे घुमाने के बहाने मऊआइमा थाना क्षेत्र के हरखपुर नहर के समीप स्थित झाड़ियों में ले गया। जहां उसकी धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छुपाकर भाग निकला।
पुलिस टीम ने आरोपित बाल अपचारी की निशानदेही पर गुरुवार को किशोरी का शव बरामद किया । पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतिका के परिवार वालों से हत्या से संबंधित तहरीर लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

