किराए के कमरे में पाया गया प्रतियोगी छात्रा का शव
प्रयागराज, 04 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद अंतर्गत कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ढरहरिया मोहल्ले में बुधवार को एक प्रतियोगी छात्रा का शव उसके किराए के कमरे में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवा कर शव को कब्जे में लिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मीता देवी मौर्य (31) पुत्री बासदेव मौर्य निवासी बरामद गांव, थाना अहिरौल, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ ही कोचिंग भी पढ़ाती थी और ढरहरिया मोहल्ले में किराए के कमरे में अकेले रहती थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार को वह कमरे से बाहर नहीं निकली। आसपास के लोगों ने आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर कर्नलगंज प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा तो छात्रा का शव मिला।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

