प्रयागराज में लापता बच्चे का शव पानी भरे गड्ढे में मिला
प्रयागराज, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बारा थाना क्षेत्र के गींज पहाड़ी गांव में मंगलवार को घर से गायब बच्चे का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस कहना है प्रथम दृष्टया बच्चे की मृत्यु पानी में डूबने से होना प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र के गींज पहाड़ी गांव निवासी कृष्ण चौधरी का 6 वर्षीय बेटा राजा बाबू सोमवार की शाम घर के खेलने के लिए गया और वापस नहीं लौटा। देर होती देख बच्चे की मां शीला और परिवार के अन्य सदस्य खोजबीन करने लगे। लेकिन राजा बाबू का पता नहीं चल पाया। मंगलवार की सुबह घर से लगभग सौ मीटर दूर स्थित पानी युक्त गड्ढे में राजा बाबू का शव दिखाई दिया। यह देखते ही परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया उसकी मृत्यु का कारण पानी में डूबने से हुई है ऐसा प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिवार के लोगों ने बताया कि वह तीन भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

