home page

नकली नोट छापने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार,एक लाख अट्ठारह हजार तीन सौ रुपये मूल्य के नकली नाेट बरामद

 | 
नकली नोट छापने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार,एक लाख अट्ठारह हजार तीन सौ रुपये मूल्य के नकली नाेट बरामद


प्रयागराज, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सराय इनायत थाना एवं सर्विलांस की टीम ने नकली नोट छापने वाले गिरोह के चार सदस्यों को सहसों चौराहे के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया,जबकि गिरोह का सरगना फरार हो गया । पुलिस टीम ने गिरोह के कब्जे से नकली नोट एवं छापने के उपकरण बरामद किए। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में देवरिया जिले के रूद्रपुर थाना क्षेत्र के महाराजगंज निवासी धर्मेन्द्र कुमार पुत्र राजाराम प्रसाद, देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर गांव निवासी नरेन्द्र यादव उर्फ विराट पुत्र रामजी यादव, नकली नोट छापने का कार्य करते थे और भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के गोकुल पट्टी गांव निवासी विवेक कुमार यादव पुत्र राकेश यादव एवं भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र के सरायकंसराय गांव निवासी राहुल यादव पुत्र राजकुमार यादव शामिल है। हालांकि गिरोह का सरगना देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के गौरी खुर्द गांव निवासी विवेक यादव पुत्र अवध बिहारी भाग निकला। उसकी तलाश जारी है। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि विवेक यादव जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है। इस गिरोह में सक्रिय सभी सदस्यों को जेल भेजा जाएगा। पुलिस टीम ने गिरोह के कब्जे से 118300 के जाली नोट, जिसमें पांच सौ के दो सौ नोट, सौ रूपये के 183 नोट बरामद किया है। इसके अतिरिक्त एक कार, एक मोटरसाइकिल, एक लैपटॉप,दो प्रिंटर, 5 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप चार्जर, माउस सहित अन्य उपकरण बरामद किया गया है। गिरोह का सरगना विवेक यादव इससे पूर्व भी भदोही से नकली नोट मामले में जेल जा चुका है। धर्मेन्द्र कुमार भी देवरिया जिले के रामपुर करखाना थाना क्षेत्र से नकली नोट मामले में वर्ष 2019 में जेल जा चुका है। उन्होंने बताया कि सराय इनायत थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नकली नोट के कारोबार करने वाले प्रयागराज में सक्रिय हैं। इस सूचना पर सर्विलांस की टीम का सहयोग लेकर जांच शुरू कर दी गई और गिरोह को पकड़ने के लिए गठित की गई टीम ने देवरिया जिले की पुलिस टीम का सहयोग लेकर वहां दबिश दी तो गिरोह का सरगना मौके से भागने में कामयाब हो गया। हालांकि पुलिस टीम ने गिरोह में सक्रिय चार सदस्यों को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल