home page

जानलेवा हमले में घायल डेंटर की उपचार के दौरान हुई मौत

 | 
जानलेवा हमले में घायल डेंटर की उपचार के दौरान हुई मौत


प्रयागराज, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गत दिनों जानलेवा हमले में घायल डेंटर की उपचार के दौरान स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में मंगलवार की शाम मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कहना है कि इस मामले के आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नगर के कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर इमामबाड़ा के समीप निवासी मोहम्मद रईस (३8) पुत्र सफीक अहमद डेंटर का काम करता था। वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ज्वाला देवी इण्टर कालेज के पास स्थित एक गैराज में काम करता था। जहां 3 अप्रैल को काम करते समय एक युवक ने सिर में लोहे के राड से प्रहार करके फरार हो गया। वारदात के बाद उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में मो.रईस को भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान मंगलवार की शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल