प्रयागराज : तालाब में मिला लापता बच्ची का शव ,परिजनाें ने जताई हत्या की आशंका
प्रयागराज, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र के दानियालपुर गांव में सोमवार को गांव के समीप स्थित तालाब में रविवार शाम से गायब चार वर्षीय मासूम का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में जांच शुरू कर दी है। परिवार को आशंका है कि उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। पुलिस कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से बच्ची की मौत होना प्रतीत हो रही है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर सागर जैन ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के दानियालपुर गांव निवासी जफर अदिल की चार वर्षीय बेटी सारा खान रविवार शाम को अपनी मां के साथ बाजार गई और वहीं से गायब हो गई । परिवार के लोग काफी खोजबीन करने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। सोमवार को बच्ची का शव तालाब में पाया गया। परिवार से तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

