home page

यूआईडीएआई सुरक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ कर फर्जी आधार अपडेट करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
यूआईडीएआई सुरक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ कर फर्जी आधार अपडेट करने वाला आरोपित गिरफ्तार


दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद; आधार प्रणाली के दुरुपयोग पर होगी कड़ी कार्रवाई

प्रयागराज, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज साइबर क्राइम थाने की पुलिस टीम ने रविवार को यूआईडीएआई (UIDAI) की सुरक्षा प्रणाली को क्लोनिंग एवं बायपास तकनीक से दरकिनार कर अवैध तरीके से आधार नामांकन और आधार अपडेट करने वाले गिरोह के एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम सागर जैन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के जालीमगंज, बसहीपुर गांव निवासी संजय गुप्ता पुत्र छिंगे नेहू है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ साइबर क्राइम थाने मुकदमा दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपित अन्य आधार ऑपरेटरों की यूआईडीएआई यूजर आईडी और पिन का क्लोनिंग एवं बायपास तकनीक के माध्यम से दुरुपयोग करता था। इसके बाद AnyDesk/Remote Access की सहायता से आधार प्रणाली में अनधिकृत रूप से लॉगिन कर आधार नामांकन और आधार अपडेट का कार्य कराया जाता था।

पूछताछ में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपितों के माध्यम से तकनीकी व्यक्तियों से संपर्क कर प्रति आधार ऑपरेटर आईडी सक्रिय करने के लिए धनराशि तय की जाती थी। इसके बाद रिमोट एक्सेस के जरिए संबंधित ऑपरेटर की आईडी सक्रिय कर नए आधार कार्ड और आधार अपडेट का कार्य किया जाता था।

पुलिस उपायुक्त सागर जैन ने कहा कि आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान प्रणाली से छेड़छाड़ कर लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आधार से जुड़ा कोई भी कार्य केवल अधिकृत केंद्रों पर ही कराएं और किसी भी व्यक्ति को अपनी आधार संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, यूजर आईडी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल