डिजिटल अरेस्ट कर 77.80 लाख रुपये ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य बेंगलुरु से गिरफ्तार
साइबर क्राइम पुलिस ने 21 लाख रुपये कराए बरामद और फ्रीज, फर्जी पुलिस और एटीएस अधिकारी बनकर दी थी गिरफ्तारी की धमकी
प्रयागराज, 20 नवंबर (हि.स.)। फर्जी पुलिस और एटीएस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 77.80 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को साइबर क्राइम थाना प्रयागराज की पुलिस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 21 लाख रुपये बरामद और फ्रीज कराए हैं। आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन और जियो सिम भी बरामद हुआ है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं साइबर अपराध के नोडल अधिकारी सोनम कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि कौंधियारा थाना क्षेत्र के ओसा गांव निवासी गजेंद्र नाथ मिश्र ने सात नवंबर 2026 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिस और एटीएस का अधिकारी बताकर उन्हें एक मुकदमे में फंसाने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। आरोपितों ने व्हाट्सएप पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और अन्य कूटरचित दस्तावेज भेजकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया। इसके बाद भयभीत कर उनसे 77 लाख 80 हजार रुपये की अवैध वसूली कर ली।
इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की केवाईसी, रुपये के लेन-देन और आरोपितों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 30 लाख रुपये हरिश कुमार यू के लोन बैंक खाते में इस्तेमाल किए गए थे।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 नवंबर को बेंगलुरु स्थित आरोपित के निवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरिश कुमार यू पुत्र आर उमाकांथा, निवासी विजनपुरा, थाना रामामूर्ति, बेंगलुरु, कर्नाटक के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक आईक्यू मोबाइल फोन और जियो सिम बरामद किया है।
पहले भी एक आरोपित हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस मुकदमे में इससे पहले सूरज मौर्य पुत्र तपेश्वर मौर्य निवासी पुष्कर खुर्द, गोला, गोरखपुर को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी सोनम कुमार ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर फोन अथवा वीडियो कॉल पर धमकाने से भयभीत न हों। कोई भी जांच एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। कानून में डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत करें। इसके अलावा नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत की जा सकती है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अनूप कुमार यादव, मुख्य आरक्षी अतुल कुमार त्रिवेदी, आरक्षी रणवीर सिंह सेंगर और रूप सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

