हत्या के मामले में फरार 25 हजार रुपये का इनामी गिरफ्तार
प्रयागराज, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मुट्ठीगंज थाना एवं सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को हत्या मामले में फरार चल रहे पच्चीस हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अतरसुइया थाना क्षेत्र के कूंचाराय मोहल्ला निवासी कमल शर्मा उर्फ कमल पंडा है। गिरफ्तार आरोपित मुठ्ठीगंज थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। रविवार को एक सूचना पर पुलिस ने आरोपित को नैनी क्षेत्र स्थित अरैल घाट पर नए पुल के नीचे से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित कमल शर्मा ने बताया कि दारागंज स्थित गंगा घाट पर उनकी गुमटी को कथित रूप से सक्षम शर्मा ने आग के हवाले कर दिया था। आगजनी में पूर्वजों के जजमानों से जुड़े बही-खाते और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए थे। इसी रंजिश के चलते वह और उसके साथी सक्षम शर्मा से बदला लेना चाहते थे। आरोपित ने स्वीकार किया कि सुनियोजित साजिश के तहत उसके भाई विमल शर्मा उर्फ विमल पंडा और आकाश अरोड़ा उर्फ भोला पंजाबी ने गोली मारकर सक्षम शर्मा की हत्या की थी। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी मुठ्ठीगंज थाने में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हत्या के इस चर्चित मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त कमल शर्मा उर्फ कमल पंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपिताेंं की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 21 मई को मालवीय नगर निवासी अंजु शर्मा ने सूचना दी थी कि उनके पुत्र सक्षम शर्मा उर्फ सक्षम पंडा को कुछ लोगों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

