घर के अन्दर फंदे से लटका मिला युवक का शव, सुसाइड नोट में युवती को बताया जिम्मेदार
प्रयागराज, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अमिताभ बच्चन मार्ग अल्लापुर मोहल्ले में बुधवार देर शाम एक युवक का शव घर के फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक ने मरने से पूर्व एक सुसाइड नोट लिखा है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अमिताभ बच्चन मार्ग अल्लापुर निवासी प्रकाश धुरिया (38) पुत्र स्वर्गीय कृष्ण गोपाल धुरिया का शव घर के अन्दर फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने एक युवती पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में परिवार से तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

