एटीएम में प्लास्टिक की पट्टी लगाकर रुपये निकालने वाले दो गिरफ्तार, तीन देशी बम बरामद
प्रयागराज, 04 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सिविल लाइंस पुलिस ने शुक्रवार काे एटीएम में प्लास्टिक की पट्टी लगाकर रुपये निकालने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन अवैध देशी बम, दो एटीएम कार्ड, पांच प्लास्टिक की पट्टियां, एक टेप और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. अजहर निवासी छितपालगढ़, प्रतापगढ़ और मो. इरफान निवासी दुवाही, मऊआइमा, प्रयागराज के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार को पोलो ग्राउंड स्थित मजार के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे एटीएम के रुपये निकलने वाले स्थान पर प्लास्टिक की पट्टी लगाकर उसे टेप से चिपका देते थे। इसके बाद ग्राहक द्वारा रुपये निकालने पर खाते से रकम कट जाती थी, लेकिन पट्टी लगे होने के कारण रुपये बाहर नहीं निकलते थे। ग्राहक एटीएम को खराब समझकर वहां से चला जाता था। उसके जाने के बाद आरोपित पट्टी हटाकर रुपये निकाल लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित पकड़े जाने के डर से अपने पास देशी बम भी रखते थे। उनका कहना था कि पीछा किए जाने की स्थिति में बम फेंककर भागने के लिए वे इन्हें अपने साथ रखते थे। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि एटीएम से इस तरह प्राप्त रकम से वे अपना और परिवार का खर्च चलाते थे।
बरामदगी के आधार पर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा अपराध संख्या 435/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि एटीएम में छेड़छाड़ कर लोगों की रकम निकालने वाले आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने समय रहते दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और तीन देशी बम बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि एटीएम से जुड़े अपराधों पर पुलिस की निगरानी जारी है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

