अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, चोरी के आभूषण बरामद
डीसीपी गंगानगर हंडिया पुलिस ने पंकज नगर पुलिया के पास की कार्रवाई, 40 से अधिक प्रकार के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
प्रयागराज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया थाने की पुलिस टीम ने लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए शनिवार को तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम का दावा है कि गिरफ्तार तीनों युवक अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य है। पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से 40 से अधिक प्रकार के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किया गया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में पड़ोसी जनपद भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के नारेपार पैगहा गांव निवासी मुन्ना बिंद , इसी थाना क्षेत्र के नारेपार सीतामढ़ी गांव निवासी सुनील गौतम और विजय गुप्ता निवासी नारेपार सीतामढ़ी, थाना कोइरौना, भदोही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी गंगानगर ने बताया कि हंडिया थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस टीम ने शनिवार को पंकज नगर पुलिया के पास से मुन्ना बिंद , सुनील गौतम और विजय गुप्ता को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपितों के कब्जे और निशानदेही से चार पीली धातु की अंगूठियां, एक जोड़ी कान की बाली, एक जोड़ी कान के टॉप्स, तीन लॉकेट और एक चेन बरामद हुई। इसके अलावा सफेद धातु के तीन ब्रेसलेट, 54 मीना, तीन चेन, सात जोड़ी पायल, एक कंगन, चार पायल, तीन ताबीज, एक लॉकेट, दो हाफ पेटी, एक करधन, एक जोड़ी पाजेब और एक जोड़ी हाथफूल बरामद किए गए।
31 अगस्त को घर में ताला लगाकर गए थे दिल्ली
पुलिस के मुताबिक, हंडिया क्षेत्र के बिलारी गांव निवासी वादी 31 अगस्त को अपने भाइयों के साथ रोजगार के सिलसिले में घर में ताला लगाकर दिल्ली चले गए थे। 12 सितंबर को वादी के भतीजे ने घर पहुंचकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था और चोरी हो चुकी थी। इसके बाद हंडिया थाने में मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित सुनील गौतम और विजय गुप्ता के खिलाफ पहले भी चोरी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में हंडिया थाना प्रभारी ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक विकास जायसवाल, अंबुज कुमार, अमलेश गुप्ता तथा कांस्टेबल हरिओम यादव, सुरेंद्र प्रजापति और इंद्रजीत यादव शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

