home page

सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 11 लाख रुपये बरामद

 | 
सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 11 लाख रुपये बरामद


प्रयागराज, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना एवं एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम बुधवार को सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर कारोबारियों को सुनसान स्थान पर बुलाकर असलहे के बल पर रुपये लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट के 11 लाख रुपये, एक अवैध तमंचा, चार कारतूस, नकली आभूषण और घटना में प्रयुक्त दो कारें बरामद की हैं। गिरोह के सरगना समेत दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दानियालपुर कस्बा लालगोपालगंज निवासी फैसल पुत्र वसीमउद्दीन का हाल पता ताजुद्दीनपुर थाना मानिकपुर जनपद प्रतापगढ़, इसका पड़ोसी दोस्त नागर गौतम पुत्र दशरथ लाल और प्रतापगढ़ जिले में कुण्डा थाना क्षेत्र के बहरिया चौसा गांव निवासी संदीप यादव पुत्र अर्जुन प्रसाद हैं।

डीसीपी गंगानगर ने बताया कि लालगोपालगंज के दनियालपुर निवासी पंकज कुमार अग्रवाल को सस्ते दाम में सोना बेचने का लालच देकर आरोपितों ने अपने जाल में फंसाया था। 19 अगस्त को उसे रुपये लेकर रामवनगमन पथ स्थित बिहरिया के पास बुलाया गया। वहां पहले उसे एक कार में बैठाया गया। इसके बाद दूसरी कार से पहुंचे आरोपितों ने तमंचा दिखाकर उसके पास सोना खरीदने के लिए रखे 18 लाख रुपये छीन लिए। जान बचाने के लिए पीड़ित रुपये छोड़कर वहां से भाग गया।

पीड़ित की तहरीर पर 25 अगस्त को नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। बुधवार को संयुक्त टीम ने गढ़वा खैराजपुर स्थित कानपुर-वाराणसी हाईवे के अंडरपास के पास से फैसल, संदीप यादव और नागर गौतम को गिरफ्तार कर लिया।

पांच सदस्यों का गिरोह बनाकर करते थे ठगी

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गिरोह में पांच सदस्य शामिल हैं और इसका सरगना जुबैर अहमद है। गिरोह के सदस्य अच्छे कारोबारियों को सस्ते दाम पर सोना-जेवरात देने का झांसा देकर पहले उनका विश्वास जीतते थे। इसके बाद उन्हें रुपये लेकर सुनसान स्थान पर बुलाया जाता था। वहां गिरोह के अन्य सदस्य तमंचा दिखाकर रुपये लूट लेते थे। घटना को विश्वसनीय बनाने के लिए सरगना भी पीड़ित के सामने डरने का नाटक करते हुए वहां से भाग जाता था। बाद में सभी सदस्य लूट की रकम आपस में बांट लेते थे।

11 लाख रुपये, तमंचा और दो कारें बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से 11 लाख रुपये नकद, .315 बोर का एक तमंचा, चार कारतूस, नकली आभूषण, एक बलेनो कार और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस उपायुक्त गंगानगर ने घटना का खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

सरगना समेत दो की तलाश जारी

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सस्ता सोना देने का झांसा देकर कारोबारियों से रुपये लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से 11 लाख रुपये समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। गिरोह के सरगना जुबैर अहमद और राजन दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की धोखाधड़ी और लूट करने वाले गिरोहों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल