गोवध निवारण के मामले में तीन लोग गिरफ्तार
प्रयागराज, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हण्डिया थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे और निशानदेही से घटना में प्रयुक्त तीन चापड़, दो लकड़ी के ठिहे, गोवंश की खाल तथा मांस बेचने से प्राप्त शेष 880 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो नामजद आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त (गंगानगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि चौरा बड़ैरा निवासी नागेश कुमार त्रिपाठी ने हण्डिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन सितंबर को खूंटे से बंधी उनकी गाय गायब हो गई थी। तलाश करने पर उसके अवशेष बजहा मिश्रान गांव में झाड़ियों के पास स्थित एक कुएं के निकट मिले। शिकायत के आधार पर छह सितंबर को हण्डिया थाने में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। इसी क्रम में हण्डिया पुलिस टीम ने सोमवार को बजहा मिश्रान गांव के पास से सागर शुक्ला उर्फ छोटू, रचना शुक्ला उर्फ रंजना और अनीता शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपिताें के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में नामजद रज्जन शुक्ला और अंकित शुक्ला की गिरफ्तारी अभी शेष है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

