home page

जानलेवा हमला मामले में फरार 50 हजार का इनामी हरिद्वार से गिरफ्तार

 | 
जानलेवा हमला मामले में फरार 50 हजार का इनामी हरिद्वार से गिरफ्तार


एसटीएफ और प्रयागराज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता

प्रयागराज, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई और प्रयागराज पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित तथा 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार किया।

एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर उचगढ़ी निवासी राहुल काठी उर्फ राहुल कुशवाहा पुत्र हनुमान प्रसाद उर्फ रमेश कुशवाहा है। इसके खिलाफ कर्नलगंज थाने मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसटीएफ को इनामी और फरार अपराधियों की गतिविधियों की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में सूचना प्राप्त हुई कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित राहुल काठी उर्फ राहुल कुशवाहा हरिद्वार में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र स्थित एक गेस्ट हाउस में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान राहुल काठी उर्फ राहुल कुशवाहा पुत्र हनुमान प्रसाद उर्फ रमेश कुशवाहा, रूप में हुई है।

पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित थाना कर्नलगंज में दर्ज हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं के मुकदमे में वांछित था। पूछताछ में उसने बताया कि घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पहले पश्चिम बंगाल, फिर बिहार और बाद में हरिद्वार जाकर छिपकर रह रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध प्रयागराज के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, धोखाधड़ी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 में दारागंज क्षेत्र में हुई एक चर्चित गोलीकांड की घटना में भी वह आरोपी रह चुका है और जेल जा चुका है।

पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने कहा कि एसटीएफ प्रदेश में इनामी और फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। किसी भी गंभीर अपराध में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल