चार लाख से अधिक की स्मैक के साथ तस्कर गिरफतार
प्रयागराज, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नैनी थाना पुलिस टीम ने रविवार को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 96 पुड़ियों में 13.60 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपित स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर लोगों को बेचता था। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत चार लाख से अधिक की है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नैनी कोतवाली क्षेत्र के चकभटाही मोहल्ला निवासी आकाश भारतीया उर्फ छोटकउ है। नैनी पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक नशीला पदार्थ लेकर उसे बेचने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टीएसएल कंपनी गेट के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित वर्तमान में महुआरी, थाना औद्योगिक क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 96 पुड़ियों में कुल 13.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर परिचित ग्राहकों को बेचता था। रविवार को भी वह स्मैक बेचने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नैनी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 के चार और वर्ष 2025 तथा 2019 का एक-एक मुकदमा शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

