home page

प्रयागराज : रणधीर यादव हत्याकांड में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज : रणधीर यादव हत्याकांड में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार


नवाबगंज और गंगानगर सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, अब तक सात आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

प्रयागराज, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नवाबगंज थाना क्षेत्र के रणधीर यादव हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सुजीत श्रीवास्तव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नवाबगंज थाना पुलिस और गंगानगर सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गुरुवार को इब्राहिमपुर के पास से उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक छह अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। सुजीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त गंगानगर की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार बताया कि हथिगहां मोहम्मदपुर निवासी बबली यादव ने 23 अगस्त 2025 को नवाबगंज थाने में अपने पति रणधीर यादव (40) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि रणधीर 22 अगस्त की शाम करीब पांच बजे अपनी स्कॉर्पियो से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस ने मामले की जांच के लिए थाना नवाबगंज और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमें गठित की थीं। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के दौरान रणधीर की स्कॉर्पियो चित्रकूट में मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने चित्रकूट पहुंचकर वाहन बरामद कर लिया। बाद में बबली यादव की तहरीर पर राम सिंह यादव और उदय सिंह के खिलाफ अपहरण कर हत्या किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए। पुलिस ने छह आरोपितों और एक अभियुक्ता को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुजीत श्रीवास्तव फरार चल रहा था।

इब्राहिमपुर के पास से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त गंगानगर और अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। 15 अक्टूबर को नवाबगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर के पास से सुजीत श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया। वह घूरपुर थाना क्षेत्र के बड़ी चितौरी गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 22 वर्ष है।

इस मामले में नवाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 404/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 140(1), 61(2), 103(1) और 238(क) में मुकदमा दर्ज है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर का बयान

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। रणधीर यादव मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम:

प्रभारी निरीक्षक पंकज अवस्थी, उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी, विनय कुमार यादव, संतोष कुमार यादव और सौरभ शुक्ला, मुख्य आरक्षी अनिल कुमार यादव, जय प्रकाश सिंह और अंगद गिरी तथा आरक्षी पियूष पंकज चौहान, विशाल कुंवर और लोकेन्द्र सिंह चौधरी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल