हल्दी की रस्म में चली गोली से महिला की मौत, आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में फाफामऊ थाना क्षेत्र के बहोरिकपुर गांव में शादी की हल्दी रस्म के दौरान चली गोली से एक महिला की मौत हो गई। इस घटना में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने दी।
डीसीपी ने बताया कि 23 नवंबर को वादी के पुत्र की हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान बहोरिकपुर निवासी शिव प्रकाश पटेल ने अवैध असलहे से गोली चला दी। गोली लगने से वादी की बहन लालती देवी (55) पत्नी राम निहोर निवासी मलाक बलऊ थाना नवाबगंज की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वादी की तहरीर पर फाफामऊ थाने में आरोपित के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। मंगलवार को फाफामऊ पुलिस ने आरोपित शिव प्रकाश पटेल पुत्र विक्रमादित्य पटेल को ग्राम बारी गौरा के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक यादव, उपनिरीक्षक मो. हारून, सौमित्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल राजेश्वर और गौरव कुमार शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

