जमीन बेचने के विवाद में जीजा की हत्या, साल गिरफ्तार
प्रयागराज, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बहरिया थाने की पुलिस टीम ने गत दिनों हुई हत्या मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को मृतक युवक के साले सहित दो लोगों को पकड़ा हैं। हत्या की वजह जमीन बेचने से संबंधित विवाद सामने आया है।
पुलिस उपायुक्त गंगा नगर सोनम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित फूलपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव निवासी भूपेन्द्र कुमार पटेल है।
उसने जमीन बेचने को लेकर पारिवारिक विवाद के चलते अपने जीजा राम दुलार की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस ने राम दुलार की हत्या के मामले में उनके साले भूपेन्द्र कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है। घटना के वक्त उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, जूते, पैंट और शराब की खाली बोतल बरामद किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

