home page

प्रयागराज के झूंसी में सात लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज के झूंसी में सात लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार


नारकोटिक्स टास्क फोर्स और झूंसी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 36 ग्राम स्मैक, 1820 रुपये नकद और मोबाइल बरामद

प्रयागराज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाना एवं और नारकोटिक्स टास्क फोर्स अपराध शाखा की टीम ने सोमवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से 36 ग्राम अवैध स्मैक बरामद किया , जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 7.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने स्मैक की बिक्री से प्राप्त 1820 रुपये नकद और बिक्री में इस्तेमाल किया जाने वाला एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर झूंसी पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपित झूंसी थाना क्षेत्र के मल्लाही टोला निवासी सूरज निषाद पुत्र ओमप्रकाश निषाद है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर झूंसी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 395/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपित के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ वर्ष 2018 में भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। ताजा मामले में उसके पास से बरामद स्मैक, नकदी और मोबाइल फोन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरिशंकर मिश्र, उपनिरीक्षक अंकित, मुख्य आरक्षी मनीष सिंह, मुख्य आरक्षी पवन द्विवेदी और आरक्षी धीरज शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल