प्रयागराज: सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में चार आरोपित गिरफ्तार, दाे मुठभेड़ में घायल
प्रयागराज, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया थाने क्षेत्र में मंगलवार को हुई सपा नेता की हत्या का चौबीस घंटे के अन्दर खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को हुई पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर अपराधी एवं उसका साथी गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस टीम ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। यह जानकारी मीडिया से पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बुधवार शाम को दी।
उन्होंने बताया कि सपा नेता एवं पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की हत्या चुनावी रंजिश एवं वर्चस्व की वजह से की गई। गिरफ्तार आरोपितों में हंडिया थाना क्षेत्र के मुंगराव गांव निवासी वर्तमान प्रधान पति विनोद कुमार यादव पुत्र हरिहरनाथ प्रसाद , इसी थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी बृजेश यादव पुत्र तेज बहादुर, मुंगराव गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर अपराधी जितेन्द्र उर्फ लल्ला यादव पुत्र राजबहादुर तथा भदोही जनपद के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी निहाल अहमद पुत्र इकराम को गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से हुई पूछताछ के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया है आरोपित विनोद कुमार यादव व मृतक पवन कुमार यादव एक ही गांव के निवासी हैं। इसके साथ ही एक ही राजनीतिक दल के सदस्य हैं। जिनके बीच पंचायत चुनाव को लेकर दोनों के बीच रंजिश थी। आरोपित विनोद कुमार यादव की पत्नी वर्तमान में ग्राम प्रधान है। इसके साथ ही उसकी पत्नी गांव में ही इसीसीई एजुकेटर के पद पर संविदा पर थी जिसको पवन कुमार यादव की शिकायत पर हटा दिया गया था। इसी रंजिश को लेकर विनोद कुमार यादव ने हत्या की योजना हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र उर्फ लल्ला यादव के साथ मिलकर बनाया। हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई। इस साज़िश में बृजेश यादव भी शामिल था। लगभग डेढ़ माह पूर्व रची गई साजिश के तहत रैकी करने के लिए निहाल को शामिल किया गया। जिसे कोई पहचानता नहीं था। जितेन्द्र और निहाल अहमद की दोस्ती जेल से शुरू हुई थी। हत्या के लिए पहले पच्चीस हजार रुपये एडवांस में दिया गया। जिसका तमंचा, गोली खरीदा गया। पूर्व योजना के तहत मंगलवार को हंडिया कस्बे में पिलर नम्बर 52 के पास पवन कुमार यादव को मोटरसाइकिल सवार बदमाश गोली मारकर फरार हो गए। वारदात के बाद पवन यादव ने पुलिस एवं परिवार को फोन कर गोली मारी जाने की सूचना दी। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और परिजन पवन कुमार यादव को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने पवन कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस की टीमें घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाला तो पुलिस टीम को सुराग मिल गया। पुलिस टीम ने विनोद कुमार यादव समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि जितेन्द्र उर्फ लल्ला एवं निहाल अहमद जसवा गांव के समीप नहर की पुलिया के समीप मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस की टीमें पहुंची तो वे पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई के दौरान जितेन्द्र उर्फ लल्ला एवं निहाल अहमद गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित विनोद कुमार यादव और बृजेश कुमार यादव के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस तरह चारों आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

