home page

ऑपरेशन 'दहन': प्रयागराज में नष्ट किया गया 72.31 लाख रुपये का गांजा

 | 
ऑपरेशन 'दहन': प्रयागराज में नष्ट किया गया 72.31 लाख रुपये का गांजा


प्रयागराज, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कौंधियारा थाने एवं नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा की संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को आपरेशन दहन के तहत 144.63 किलोग्राम अवैध गांजा को नष्ट किया गया। नष्ट किए गए गांजा की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत 72.31 लाख रुपये है।

यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन दहन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 मुकदमों से संबंधित 144.63 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत 72.31 लाख रुपये है, उच्च स्तरीय समिति की मौजूदगी में अग्नि में नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के समूल नाश और तस्करों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

रविवार को नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा एवं थाना कौंधियारा पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना कौंधियारा में पंजीकृत 25 मुकदमों से बरामद 144.63 किलोग्राम गांजा का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया।

इस कार्रवाई में प्रभारी नारकोटिक्स टास्क फोर्स उपनिरीक्षक सुरेश गिरि, थानाध्यक्ष कौंधियारा कुलदीप शर्मा, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, मुख्य आरक्षी रोहित कुमार एवं मुख्य आरक्षी सुभाष यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन दहन के माध्यम से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल