home page

भाजपा की पदयात्रा में जेबकतरे सक्रिय, जिला मीडिया प्रभारी की जेब से 58,200 रुपये चोरी

 | 
भाजपा की पदयात्रा में जेबकतरे सक्रिय, जिला मीडिया प्रभारी की जेब से 58,200 रुपये चोरी


उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम स्थल पर हुई घटना, सीसीटीवी कैमरा बंद मिलने से जांच में आई मुश्किल

प्रयागराज, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान भीड़ में जेबकतरे सक्रिय रहे। सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर के सामने धरना स्थल पर भाजपा प्रयागराज यमुनापार के जिला मीडिया प्रभारी और व्यवसायी दिलीप कुमार चतुर्वेदी की जेब से 58,200 रुपये चोरी हो गए। घटना के समय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने घटना की सूचना सिविल लाइंस चौकी और थाने में दी। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस लाइंस पहुंचकर घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने का प्रयास किया गया। इस दौरान पता चला कि दोपहर करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल का सीसीटीवी कैमरा बंद था। कैमरा चालू होता तो संदिग्धों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिल सकती थी।

चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्हें अपने प्रतिष्ठान के लिए सामान खरीदना था। इसके लिए उन्होंने रुपये अपनी जेब में रखे थे, लेकिन पूरी रकम चोरी हो गई। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच करने और रुपये चोरी करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

डीसीपी सिटी सागर जैन ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। घटनास्थल और आसपास के उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल