home page

माफिया अतीक अहमद की 14 भूखंडों में दर्ज बेनामी संपत्ति कुर्क

 | 
माफिया अतीक अहमद की 14 भूखंडों में दर्ज बेनामी संपत्ति कुर्क


कैंट और एयरपोर्ट पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर की कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कुर्की

प्रयागराज, 25 अक्टूबर (हि.स.)। संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस ने रविवार को माफिया अतीक अहमद (मृतक) की बेनामी अचल संपत्ति कुर्क की। कैंट और एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौजा भीटी, ताल्लुका असदुल्लापुर, परगना एवं तहसील सदर स्थित संपत्ति पर कार्रवाई की। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त न्यायालय के 27 जुलाई 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, गैंग लीडर अतीक अहमद ने कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से जमीनें खरीदी थीं। आरोप है कि अपने आपराधिक प्रभाव और भय का प्रयोग कर लोगों को डराया-धमकाया गया और कीमती जमीनें कम कीमत पर खरीदकर अनुसूचित समाज के व्यक्ति मदनलाल भारतीय के नाम पर पंजीकृत कराई गईं। पुलिस ने कुर्क की गई संपत्ति को अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति बताया है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त न्यायालय में वाद संख्या सीपी 2026004 (एन)/2026, सरकार बनाम अतीक अहमद (मृतक), विधिक प्रतिनिधि एवं प्रभावित व्यक्ति मदनलाल भारतीय के मामले में पारित आदेश के आधार पर की गई।

14 भूखंडों में दर्ज संपत्ति पर कार्रवाई

कुर्क की गई संपत्ति में अलग-अलग आराजी नंबरों के कुल 14 भूखंड शामिल हैं। इनमें आराजी संख्या 592, 133, 594 और 591 के कुछ हिस्से, जबकि आराजी संख्या 568, 485, 489 मि., 469, 598, 488, 566, 587 और 558 की जमीन शामिल है। आराजी संख्या 138 की कुल 0.2970 हेक्टेयर भूमि में से पांचवां हिस्सा यानी 0.0594 हेक्टेयर भी कुर्क किया गया है। आराजी संख्या 592, 133, 594 और 591 में दर्ज भूमि के एक-छठे हिस्से पर कार्रवाई की गई।

अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई जारी

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि अपराध के जरिए अर्जित संपत्ति को चिह्नित कर नियमानुसार कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

कुर्की की कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ राय, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी तुफैल खान, आरक्षी रितेश प्रसाद, एयरपोर्ट थाने के पीपलगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुमार गौरव सिंह, आरक्षी रविंद्र सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल प्रतीक पाण्डेय शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल