विद्युत तार की चपेट में आने से युवक की मौत मामले का आरोपित गिरफ्तार
शव को गड्ढे में छिपाने का आरोप, औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने पिपरांव से पकड़ा
प्रयागराज, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित औद्योगिक थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार को बिजली के तार की चपेट में आने से युवक की मौत और शव को गड्ढे में छिपाने के मामले के आरोपित को गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित औधोगिक थाना क्षेत्र के पिपरांव गांव निवासी धर्मराज उर्फ शिवपूजन है। इसके खिलाफ पिपरांव गांव निवासी प्रदीप कुमार गौड़ ने 23 सितंबर को तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि आरोपितों ने गलत तरीके से खेत में बिजली का तार लगाया था। जिसमें प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से उसके पुत्र की मृत्यु हो गई। आरोप है कि इसके बाद शव को साजिश के तहत गड्ढे में छिपा दिया गया।
इस संबंध में औद्योगिक थाने में मु0अ0सं0 155/2026, धारा 105/238(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने धर्मराज उर्फ शिवपूजन को उसके गांव पिपरांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मामले में वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण से संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में औद्योगिक क्षेत्र थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल, उपनिरीक्षक सचिनदेव वर्मा और कांस्टेबल पवन मिश्रा शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

