home page

प्रयागराज में 981 लीटर अवैध शराब बरामद, चालक पिकअप छोड़कर फरार

 | 
प्रयागराज में 981 लीटर अवैध शराब बरामद, चालक पिकअप छोड़कर फरार


प्रयागराज, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कानपुर-वाराणसी राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान 981 लीटर अवैध शराब से भरी पिकअप बरामद की। शराब 109 पेटियों में रखी थी। पुलिस को देखते ही चालक वाहन को चालू हालत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर शराब बरामद कर ली है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। इसी क्रम में सूचना मिलने पर थरवई पुलिस टीम ने कटियाही के पास कानपुर-वाराणसी राजमार्ग पर घेराबंदी की। पिकअप को रोकने का संकेत दिया गया तो चालक वाहन छोड़कर भाग गया। वाहन की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त की रात चेकिंग के दौरान सफेद रंग की पिकअप में अवैध शराब आने की सूचना मिली थी। सूचना पर आबकारी विभाग को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।

बरामद शराब में 750 मिलीलीटर की 552 बोतलें, 375 मिलीलीटर की 600 बोतलें और 180 मिलीलीटर की 1,824 बोतलें शामिल हैं। शराब को कुल 109 पेटियों में रखा गया था। इसके अलावा शराब ढोने में इस्तेमाल पिकअप वाहन संख्या यूपी 32 केएन 2432 भी बरामद किया गया।

बरामदगी के आधार पर थरवई थाने में मुकदमा गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ ही शराब के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थरवई थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह, आबकारी निरीक्षक अभिषेक, राकेश कुमार त्रिपाठी और धर्मेंद्र कुमार उपाध्याय, उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र राय, आशीष सिंह यादव समेत पुलिस और आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल