प्रयागराज: महिला को ब्लैकमेल और आपत्तिजनक संदेश भेजने वाला एक आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की सोरांव थाना पुलिस ने मंगलवार को महिला को ब्लैकमेल करने और शादी का दबाव बनाने के साथ धमकी देने के मामले के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
सोरांव थाना पुलिस ने इलाके में रहने वाली एक महिला की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपित महिला और उसके परिजनों के मोबाइल एवं व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजता था, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अभद्रता करता था और सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर महिला पर शादी का दबाव बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस आयुक्त एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध धरपकड़ के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोरांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मामले में कानपुर जनपद के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के कर्नलगंज के पास नव ज्योति शिक्षा निकेतन स्कूल निवासी आरोपित सानू अली पुत्र हामिद अली को लूसनपुर पुलिया के पास गिरफ्तार किया है। वर्तमान में आरोपित उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र के त्रिभुवन खेड़ा में रह रहा था। उसे थाना पुलिस ने न्यायालय में पेश करते हुए अग्रिम कार्रवाई की है।
डीसीपी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में आरोपितों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तारी की कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त सोरांव के नेतृत्व में थाना सोरांव पुलिस टीम के उपनिरीक्षक इन्द्रजीत यादव, उपनिरीक्षक नीरज यादव, आरक्षी विकास कुमार और आरक्षी पवन सरोज शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

