home page

कुल्हाड़ी से हमला कर युवक की हत्या, पांच के खिलाफ केस दर्ज

 | 
कुल्हाड़ी से हमला कर युवक की हत्या, पांच के खिलाफ केस दर्ज


प्रयागराज, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के चकराजी गढ़वा गांव में शुक्रवार रात नशे की हालत में हुए विवाद के बाद एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त बारा अब्दुल सलाम खान ने बताया कि शुक्रवार रात शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के चकराजी गढ़वा गांव में दो पक्षों में विवाद हो गया जिसमें हीरालाल कोल (40) पुत्र कल्लू कोल गम्भीर रूप से घायल हो गया और उसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। एसीपी बारा ने बताया कि मृतक के भाई फूल कुमार की तहरीर पर मुन्नीलाल, पप्पू, मनोज, रेखा और मुरचान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

एक-दो महीने पहले भी हीरालाल का आरोपितों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। ऐसे में पुरानी रंजिश की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल