home page

प्रयागराज : उपद्रव मामले में 10 आरोपित गिरफ्तार, अन्य तलाश जारी

 | 
प्रयागराज : उपद्रव मामले में 10 आरोपित गिरफ्तार, अन्य तलाश जारी


प्रयागराज, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौराहे के पास प्रदर्शन के दौरान उपद्रव, वाहन में तोड़फोड़ और जानलेवा हमला करने के मामले में सोमवार को पुलिस ने 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन कुछ अराजक तत्वाें ने माहौल को जानबूझकर ख़राब करने की नियत से कार में तोड़ फोड़ कर दिया। इस संबंध में कार के स्वामी की तहरीर पर मुकदमा विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के दौरान उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी कर रही है।

इसी क्रम में साेमवार काे पुलिस टीम ने हंडिया निवासी शिवम कुमार यादव, अभिषेक साेनकर, साेरांव निवासी अवनीश यादव, सराय इनायत का रहने वाला

अमर यादव, कैंट के अशाेक नगर निवासी कारगिल सिंह, नैनी निवास आशीष यादव, पुरामुफ्ती (हाल निवासी प्रीतमनगर, धूमनगंज) का रहने वाले दिलशाद, माे. सुफियान खां, माे.वैश और सराय ममरेज निवासी संदीप कुमार काे गिरफ्तार किया है। ये सभी सुभाष चौराहे के पास प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने, एक कार में तोड़फोड़ करने तथा जानलेवा हमला करने के आरोपित है। पुलिस अन्य आरोपिताें की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस उपायुक्त नगर ने कहा, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने, हिंसा, तोड़फोड़ और कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना में शामिल सभी आरोपिताें की पहचान कर उनके विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल