पुलिस लाइन में सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत
पुलिस अधिकारियों ने शुरू की जांच, पत्नी और दो बच्चों के साथ आवासीय परिसर में रहता था सिपाही
प्रयागराज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस लाइन में बुधवार को एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान वाराणसी जिले के चोलापुर निवासी अजय कुमार मौर्य (38) के रूप में हुई है। वह प्रयागराज पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर तैनात था।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि अजय कुमार मौर्य अपनी पत्नी अल्का, एक बेटे और एक बेटी के साथ पुलिस लाइन की आवासीय कॉलोनी में रहता था। बुधवार दोपहर बाद पुलिस को उसके गोली लगने से मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने से पहले घटना के संबंध में कुछ कहना उचित नहीं होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

