home page

आर्थिक सहायता के पैसों को लेकर विवाद में पत्नी और भाभी की हत्या का प्रयास, आरोपित गिरफ्तार

 | 
आर्थिक सहायता के पैसों को लेकर विवाद में पत्नी और भाभी की हत्या का प्रयास, आरोपित गिरफ्तार


हंडिया पुलिस ने लोहे की रॉड, चाकू और जहरीला पदार्थ किया बरामद; खुदकुशी की भी बनाई थी योजना

प्रयागराज, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हंडिया क्षेत्र में आर्थिक सहायता की रकम को लेकर हुए विवाद में पत्नी और भाभी की हत्या का प्रयास करने वाले वांछित आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पहले से ही पत्नी और मृतक भाई की पत्नी की हत्या करने के साथ खुद को भी जान से मारने की योजना बना रखी थी। इसके लिए उसने घर में चाकू, लोहे की रॉड और जहरीला पदार्थ छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, चाकू और सफेद पाउडर व काला विषाक्त पदार्थ बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने रविवार काे बताया कि हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा (सरायपीथा) निवासी ज्ञान देवी ने हंडिया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पति सुशील कुमार की तीन जुलाई को मृत्यु होने के बाद से उनके जेठ दारा सिंह उर्फ सुनील कुमार उन्हें लगातार प्रताड़ित कर मारपीट करते थे। 29 अगस्त को आरोपित ने उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंची आरोपित की पत्नी रीता देवी पर भी उसने लोहे की रॉड से हमला किया और उसका गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

मामले में पुलिस ने 29 अगस्त को मुकदमा अपराध संख्या 461/2026, धारा 115(2)/109(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। रविवार को हंडिया पुलिस ने धनूपुर ब्लॉक के पास से सुनील कुमार गौतम उर्फ दारा (36) को गिरफ्तार कर लिया।

आर्थिक सहायता की रकम बनी विवाद की वजह

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपित ने बताया कि उसके भाई सुशील की मृत्यु के बाद आर्थिक सहायता के रूप में मिली रकम उसकी मां को प्राप्त हुई थी। मृतक की पत्नी ज्ञानवती भी उसमें हिस्सा मांग रही थी, लेकिन दारा और उसकी मां उसे पैसा देने के पक्ष में नहीं थे। आरोपी की पत्नी रीता चाहती थी कि ज्ञानवती को भी रकम दी जाए। इसी बात को लेकर दारा और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार इसी विवाद से परेशान होकर आरोपित ने पत्नी और भाभी की हत्या करने के बाद खुद को भी जान से मारने की योजना बनाई। उसने पहले से चाकू, लोहे की रॉड और जहरीला पदार्थ घर में छिपा रखा था।

पत्नी पर रॉड से किया हमला

पुलिस के मुताबिक घटना के दिन ज्ञानवती से विवाद के दौरान आरोपी ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया। पत्नी रीता ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसे दीवार से टकरा दिया और उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद कमरे में छिपाकर रखी लोहे की रॉड और चाकू से उस पर हमला कर दिया। रीता के बेहोश होने पर आरोपी घबरा गया और उसी चाकू से खुद को भी घायल कर लिया। इसके बाद चाकू और रॉड कमरे में छिपाकर वह फरार हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल