home page

प्रयागराज में ऑपरेशन दहन के तहत 19.220 किलो गांजा नष्ट

 | 
प्रयागराज में ऑपरेशन दहन के तहत 19.220 किलो गांजा नष्ट


प्रयागराज, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित यमुनानगर जोन में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 14 मुकदमों से बरामद 19 किलो 220 ग्राम गांजा का विधिक प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9.61 लाख रुपये बताई गई है। यह जानकारी मंगलवार को पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।

नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा) एवं थाना लालापुर की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को नशे के विरुद्ध चल रही मुहिम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बरामद गांजा वर्ष 2006 से 2022 के बीच थाना लालापुर में दर्ज विभिन्न मुकदमों से संबंधित था।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने तथा समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ बरामद नशीले पदार्थों का समयबद्ध एवं नियमानुसार विनष्टीकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

डीसीपी यमुनानगर ने कहा कि नशा मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भविष्य में भी नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विनष्टीकरण प्रक्रिया के दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त बारा सहित नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना लालापुर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस की यह कार्रवाई न केवल मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल