प्रयागराज में ऑपरेशन दहन के तहत छह लाख से अधिक की कोडीन सिरप नष्ट
खुल्दाबाद थाने से संबंधित मुकदमे में बरामद 5,758 शीशियों का कराया गया विनष्टीकरण
प्रयागराज, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में खुल्दाबाद थाना पुलिस टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत बरामद की गई 5,758 शीशी यानी 575.8 किलोग्राम कोडीन सिरप को विनष्टीकरण कराया। नष्ट की गई कोडीन सिरप की अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 95 हजार 970 रुपये है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि नारकोटिक्स टास्क फोर्स, अपराध शाखा और खुल्दाबाद पुलिस की कार्रवाई के तहत संबंधित मुकदमे में बरामद कोडीन सिरप को नियमानुसार नष्ट कराया गया। ऑपरेशन दहन के तहत मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ ही न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त नशीले पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और बरामद सामग्री के दोबारा इस्तेमाल की किसी भी संभावना को समाप्त करना है।
उन्हाेंने बताया कि 5,758 शीशियों में कुल 575.8 किलोग्राम कोडीन सिरप था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.95 लाख रुपये आंकी गई है। नारकोटिक्स टास्क फोर्स और अपराध शाखा की निगरानी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इसका विनष्टीकरण कराया गया। विनष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली, खुल्दाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक केशवदास वर्मा, नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश गिरी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

