ऑपरेशन दहन के तहत लगभग 19 लाख रुपये के मादक पदार्थों का किया गया विनिष्टीकरण
नशा तस्करी के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान आपरेशन दहन के तहत पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद कुल 15.59 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया। विनष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 19.06 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देशन में नारकोटिक्स टास्क फोर्स अपराध शाखा, थाना खुल्दाबाद एवं थाना शाहगंज पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। विनिष्टीकरण प्रक्रिया के दौरान थाना खुल्दाबाद एवं थाना शाहगंज में दर्ज कुल 36 मुकदमों से बरामद मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया।
विनष्ट किए गए मादक पदार्थों में 7 किलोग्राम 450 ग्राम गांजा, 55 ग्राम स्मैक, 5.09 किलोग्राम नशीला पाउडर तथा 2.5 ग्राम डायजापाम शामिल है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन दहन के तहत जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनिष्टीकरण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अवैध नशीले पदार्थ दोबारा किसी भी रूप में उपयोग में न आ सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
विनिष्टीकरण प्रक्रिया पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली, थाना खुल्दाबाद, थाना शाहगंज तथा नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

