ऑपरेशन दहन के तहत प्रयागराज पुलिस ने 13 क्विंटल गांजा कराया नष्ट
-मादक पदार्थों के समूल नाश और तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई रहेगी जारी: कुलदीप सिंह
प्रयागराज, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस के चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के तहत कमिश्नरेट प्रयागराज की नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा) और थाना हंडिया पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 क्विंटल अवैध गांजे का विधिवत विनष्टीकरण (दहन) कराया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ 50 लाख रुपये है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्व में थाना हंडिया पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद कर तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि होने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र भी प्रेषित किया जा चुका है। डीसीपी गंगानगर ने बताया गांजे के विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई। पूरी प्रक्रिया एनडीपीएस एक्ट-2022 के अद्यतन प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि गंगानगर जोन पुलिस मादक पदार्थों के समूल नाश और नशे के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

