home page

हत्या कर फेंके गए युवक की ई-रिक्शा चालक के रूप में हुई पहचान

 | 
हत्या कर फेंके गए युवक की ई-रिक्शा चालक के रूप में हुई पहचान


प्रयागराज, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मऊआइमा थाना के तुलसीपुर नौंवगीरा गांव के समीप हत्या कर फेंके गए युवक की पहचान रविवार को ई-रिक्शा चालक के रूप में हुई। उसे खोजते हुए थाने पर परिजन पहुंचे।

यह जानकारी रविवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र में स्थित कांंदी गांव निवासी सौरभ कुमार भारतीय (22) पुत्र राम सजीवन भारतिया है। परिवार वालों का कहना है कि वह घर से 31 जुलाई को निकाला। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। घर से निकलते समय सौरभ के मोबाइल पर किसी ने फोन किया था, वह फोन से बात करते हुए गया। सौरभ कुमार भारतीय अपना खर्च चलाने के लिए ई-रिक्शा चलाता था। अब तक परिवार के लोगों ने कोई तहरीर हीं दी है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने मृतक का मोबाइल नंबर लेकर सर्विलांस के माध्यम से पूरे प्रकरण की जांच तेज कर दी है। विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। मृतक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अतिशीघ्र पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल