home page

प्रतापगढ़ : 147 चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद, वास्तविक मालिकों को लौटाए गए

 | 
प्रतापगढ़ : 147 चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद, वास्तविक मालिकों को लौटाए गए


प्रतापगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 147 गुम मोबाइल फोन बरामद कर सोमवार को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फाेन की अनुमानित कीमत 23 लाख 52 हजार रुपये है।

सोमवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।

सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की साइबर टीमों के संयुक्त प्रयास से मिली इस सफलता के साथ प्रतापगढ़ पुलिस ने रैंकिंग में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। अप्रैल में 40वें स्थान पर रही पुलिस सितंबर में 35 पायदान की छलांग लगाकर पांचवें स्थान पर पहुंच गई। सितंबर में पोर्टल पर जनरेट ट्रेसबिलिटी के सापेक्ष 85 प्रतिशत मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक ने अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं अथवा संचार साथी एप के माध्यम से मोबाइल का आईएमईआई ब्लॉक कराएं। साथ ही सिम बंद कराकर बैंक खातों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी