प्रतापगढ् में प्रेमिका से मिलने गए पूर्व प्रधान की हत्या, चार दिन बाद शव बरामद, महिला गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अवैध संबंध के चलते पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना (50) की हत्या कर शव को बोरे में भर कर नहर के किनारे फेंक दिया गया । रविवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर उसके भाई व अन्य आराेपित की तलाश कर रही है। पूर्व प्रधान चार दिन से लापता था।
मिश्रपुर गांव का पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन 18 मार्च को घर से बाइक लेकर निकला था लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर घरवालों ने मांधाता कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी। पुलिस को मोबाइल फोन की कॉल डिटेल में जानकारी मिली कि मुस्तका गुलशन का इलाके की एक विवाहित महिला सुमन गौतम से प्रेम संबंध था और उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने गुलशन की हत्या करने की साजिश रची। 18 मार्च की रात मुस्तका महिला से मिलने उसके मायके जेठवारा बगियापुर पहुंचा। वहां सुमन गौतम ने अपने भाई अतुल गौतम और उसके दोस्त अरुण गौतम को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर पूर्व प्रधान पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिर तीनों ने लाश को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया पूर्व प्रधान का महिला से अवैध संबंध था। इसी के चलते शादीशुदा प्रेमिका ने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर हत्या कराई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी किस्मतुल निशा और दूसरी अम्बिया बानो हैं। दोनों पत्नियों से उसके कुल 18 बच्चे हैं। दोनों पत्नियां और बच्चे एक साथ रहते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

