home page

प्रतापगढ़ में ईट- पत्थर से कूचकर फेरी वाले की हत्या, पत्नी उसके प्रेमी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

 | 
प्रतापगढ़ में ईट- पत्थर से कूचकर फेरी वाले की हत्या, पत्नी उसके प्रेमी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज


प्रतापगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लालगंज कोतवाली क्षेत्र में लालगंज नगर पंचायत के बाजार वार्ड निवासी 45 वर्षीय उमाशंकर गुड्डू की ईंटों से कुचल कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव शीतलमऊ नहर के पास एक गड्ढे में मिला है, जिसके पास ही उनकी बाइक खड़ी पाई गई। पुलिस ने गुरुवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के भाई दीपू कौशल के अनुसार उमाशंकर बर्तनों की फेरी लगाकर अपने परिवार पत्नी सुमन देवी और तीन छोटी बेटियों का भरण-पोषण करते थे। 14 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे वे काम से घर लौटे और रात 8 बजे के आसपास बाइक से दुर्गा पंडाल देखने के लिए निकले थे। अगले दिन गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे काली माता मंदिर के पास नहर किनारे एक व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली। मौके पर पहुँचने पर पता चला कि उमाशंकर का सिर और सीना ईंट से बेरहमी से कुचला गया था। मृतक के भाई दीपू ने अपनी भाभी सुमन देवी और धारूपुर निवासी शहंशाह पर हत्या की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है।

आरोप है कि उमाशंकर की पत्नी सुमन और शहंशाह के प्रेम संबंध का विरोध करने पर पूर्व में भी आरोपित ने उमाशंकर के साथ मारपीट की थी। दीपू की तहरीर पर पुलिस ने सुमन, शहंशाह और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

घटना के संबंध में सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने बताया कि मृतक के भाई दीपू कौशल की शिकायत पर पत्नी सुमन, शहंशाह समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी