प्रतापगढ़ : प्रशासन के आश्वासन पर परिजनों ने 60 घंटे बाद किया मृतक का अंतिम संस्कार
प्रतापगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लीलापुर थाना क्षेत्र में संविदा कर्मी सौरभ विश्वकर्मा की हत्या के बाद करीब 60 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। अब रविवार को प्रशासन की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद सरकारी वाहन से शव को अंतिम संस्कार के लिए रवाना किया गया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
सौरभ की हत्या के बाद से ही परिजन आरोपिताें की गिरफ्तारी, कार्रवाई और अन्य मांगों को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे थे। मामले को लेकर लगातार बढ़ते दबाव के बीच प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। अंततः मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर सहमति जताई।
घटना के शुरुआती दौर में बड़ी संख्या में लोगों ने पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति जताई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, करीब 60 घंटे बाद परिजनाें ने शव अंतिम संस्कार किया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

