प्रतापगढ़ में दीपावली रात भाई भाई के विवाद में बीच बचाव करने पहुंचे फूफा की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या
प्रतापगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में महेशगंज थाना क्षेत्र की डेरवा नगर पंचायत के धोनू का पुरवा में रविवार रात शराब के नशे में दीपावली पर दो सगे भाइयों के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे फूफा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई । आराेपित पुलिस की पकड़ से दूर है।
दीवाली पर रविवार रात खूंटीलाल पटेल के दो बेटे रोहित पटेल और मोहित पटेल शराब के नशे में आपस में मारपीट कर रहे थे। दोनों के घर के सामने रहने वाले उनके रिश्ते के फूफा अमृतलाल पटेल (55 वर्ष) विवाद शांत कराने वहां पहुंचे। बीच-बचाव से नाराज दोनों भाइयों ने अमृतलाल पटेल पर हमला कर दिया। आरोपित रोहित पटेल ने उन्हें आरसीसी सड़क पर जोर से पटक दिया और लाठी-डंडों से पीटा। गंभीर चोटें आने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अमृतलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को शव को रोककर आरोपिताें की गिरफ्तारी, परिवार के लिए शस्त्र लाइसेंस, आर्थिक सहायता और जमीन का पट्टा दिए जाने की मांग की। अमृतलाल मूल रूप से गोकुला, कटरा गुलाब सिंह के निवासी थे और वर्तमान में धोनू का पुरवा में गद्दी पर रह रहे थे उनके तीन संतानें हैं, जिनमें महेंद्र (35), राजेंद्र (30) और आरती (27) शामिल हैं। एसडीएम कुंडा और पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। मौके पर सीओ सदर और भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
महेशगंज थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह ने बताया कि अमृतलाल के बेटे ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश के लिये पुलिस टीम का गठन किया गया है और जल्दी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

