बरेली एएनटीएफ टीम ने 5 करोड़ की स्मैक के साथ एक आरोपित तस्कर को दबोचा
बरेली, 8 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के गोरखधंधेेे से जड़े एक तस्कर को बीती रात शनिवार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 2.64 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन और 560 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
एएनटीएफ यूनिट बरेली के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव ने बताया कि टीम को काफी समय से बरेली और आसपास के क्षेत्रों में स्मैक की तस्करी की सूचना मिल रही थी। शनिवार देर रात टीम को सूचना मिली कि एक तस्कर बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर सप्लाई के लिए जा रहा है। इस पर एएनटीएफ टीम ने थाना सुभाषनगर क्षेत्र में बरेली-बदायूं रोड पर ग्राम रौंधी जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से स्मैक बरामद हुई। आरोपित की पहचान स्मैक तस्कर शोभित गुप्ता पुत्र पप्पू गुप्ता निवासी ग्राम सैंजनी, थाना मूसाझाग, जिला बदायूं के रूप में हुई।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपित स्मैक की सप्लाई पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्रों तक करता था। शनिवार को भी वह स्मैक की खेप लेकर सप्लाई के लिए जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही एएनटीएफ टीम ने उसे दबोच लिया।
आरोपित के खिलाफ थाना सुभाषनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ यूनिट बरेली के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, विनीत कुमार, रसविंद्र चौधरी और महिला कांस्टेबल छाया शामिल रहीं। थाना सुभाषनगर पुलिस ने भी सहयोग किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

