साइबर ठगी के शिकार युवक को पुलिस ने वापस कराए 38,163 रुपये
मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। ऑनलाइन ठगी के शिकार युवक को चुनार थाने की साइबर टीम ने बड़ी राहत दिलाते हुए उसके खाते में 38,163 रुपये वापस कराए। पैसा वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार सहसपुर निवासी शुभम सिंह ने 25 दिसंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार साइबर ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से उसके खाते से कुल 40 हजार रुपये की ठगी कर ली थी। ठगी का पता चलते ही उसने तत्काल साइबर शिकायत दर्ज कराई।
मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में थाना कोतवाली चुनार की साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रांजेक्शन ट्रेस कर पीड़ित की ठगी गई राशि में से 38,163 रुपये वापस उसके खाते में ट्रांसफर करा दिए।
सोमवार को पैसा वापस मिलने पर शुभम सिंह ने साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सलाह दी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह और आरक्षी अरमान अली की भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

