साइबर ठगी के 49,350 रुपये पुलिस ने कराए वापस
मीरजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। साइबर ठगी का शिकार हुए देवरी कला गांव निवासी प्रद्युम्न यादव को मड़िहान पुलिस की सक्रियता से बड़ी राहत मिली। पुलिस की तत्परता से ऑनलाइन ठगी के जरिए निकाली गई 49,350 रुपये की रकम वापस कराने में सफलता मिली। रकम मिलने के बाद बुधवार को पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया।
बताया गया कि प्रद्युम्न यादव के बैंक खाते से ऑनलाइन तरीके से रकम निकल गई थी। इसकी जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल मामले की शिकायत मड़िहान पुलिस से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र भूषण मौर्य ने साइबर सेल टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
साइबर सेल में तैनात कुलदीप पटेल और राजेश कुमार यादव ने लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाकर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। समयबद्ध कार्रवाई के चलते पुलिस टीम ठगी की रकम वापस कराने में सफल रही।
रकम खाते में वापस आने के बाद प्रद्युम्न यादव बुधवार को थाने पहुंचे और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

