साइबर ठगी के 18,800 रुपये पुलिस ने वापस कराए
मीरजापुर, 09 सितंबर (हि.स.)। ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार पीएसी जवान को कटरा पुलिस की साइबर सेल ने राहत दिलाई। जांच के बाद टीम ने बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर ठगी की पूरी रकम 18,800 रुपये होल्ड कराई और बुधवार को शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी।
39वीं वाहिनी पीएसी के निवासी आशीष बिंद के खाते से अज्ञात साइबर ठग ने यूपीआई के जरिए तीन बार में कुल 18,800 रुपये निकाल लिए थे। आशीष ने इसकी शिकायत कोतवाली कटरा की साइबर सेल में की। शिकायत को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल ने बैंक व संबंधित मर्चेंट से संपर्क कर रकम को समय रहते होल्ड करा दिया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बुधवार को पूरी धनराशि शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर आशीष बिंद ने थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस टीम ने उन्हें साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक, निरीक्षक रामप्रीत यादव, उपनिरीक्षक कृष्णकांत त्रिपाठी और कांस्टेबल इरफान अंसारी शामिल रहे।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

