home page

क्रेडिट कार्ड से ठगी के 33,652 रुपये पुलिस ने वापस कराए

 | 
क्रेडिट कार्ड से ठगी के 33,652 रुपये पुलिस ने वापस कराए


मीरजापुर, 11 सितंबर (हि.स.)। क्रेडिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए व्यक्ति को कटरा कोतवाली की साइबर सेल ने राहत दिलाते हुए 33,652 रुपये वापस करा दिए। रकम खाते में वापस आने के बाद पीड़ित ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया।

नटवा पुतलीघर निवासी प्रिय राज तिवारी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके क्रेडिट कार्ड से दो बार में कुल 89,848 रुपये निकाल लिए। शिकायत को एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान साइबर सेल ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर ठगी की रकम में से 33,652 रुपये होल्ड कराए। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर प्रिय राज तिवारी ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम के प्रति आभार जताया।

पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। पुलिस की इस तरह की कार्रवाई में समय से शिकायत दर्ज कराना महत्वपूर्ण होता है; यूपी पुलिस भी ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में जल्द शिकायत करने की सलाह देती है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक, निरीक्षक अपराध रामप्रीत यादव, उपनिरीक्षक कृष्णकांत त्रिपाठी और कांस्टेबल इरफान अंसारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा