मीरजापुर पुलिस ने गुम हुए 234 मोबाइल फोन खाेज निकाला
मीरजापुर, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर की एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने गुम या फिर खोए 234 स्मार्ट मोबाइल फोन खाेज निकाला। उनकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये है। पुलिस अधिकारियाें ने शुक्रवार को असली मालिकों को बुलाकर खोए हुए मोबाइल फ़ोन लौटाए, जिससे लाेगाें के चहेरे खिल उठे।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह के नेतृत्व में एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर पोर्टल तथा मोबाइल गुमशुदगी प्रार्थना पत्रों के आधार पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं तत्परता पूर्वक की गई कार्रवाई के फलस्वरूप 234 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए।
शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार कक्ष में आयोजित मोबाइल वितरण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। अपने गुम हुए मोबाइल फोन वापस पाकर मोबाइल स्वामियों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने एक स्वर में धन्यवाद मीरजापुर पुलिस कहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

