मीरजापुर: साइबर ठगी के 66 हजार रुपये पुलिस ने पीड़ित के खाते में वापस कराए
मीरजापुर, 12 अगस्त (हि.स.)। साइबर ठगी के शिकार अहरौरा के जनसेवा केंद्र संचालक को पुलिस की साइबर सेल ने बड़ी राहत दी है। खाते में रुपये ट्रांसफर कराने के नाम पर हुई 66 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की पूरी रकम पुलिस ने वापस करा दी। खाते में रकम वापस पहुंचते ही पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
अहरौरा डीह निवासी शशि चंद्र मौर्य पुत्र चंद्रभान सिंह जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उन्होंने एक अगस्त को अहरौरा थाने की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, एक व्यक्ति ने उसके खाते में किसी अन्य व्यक्ति से 66 हजार रुपये मंगवाने की बात कहकर उसके साथ ऑनलाइन फ्रॉड किया था। शिकायत को साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा साइबर सेल टीम ने लेनदेन से जुड़े विवरणों की जांच की। कार्रवाई के दौरान साइबर सेल ने ठगी की पूरी धनराशि 66,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित बुधवार को थाने पहुंचा और मीरजापुर पुलिस के अधिकारियों व साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी तथा अन्य लोगों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक करने की अपील की।
साइबर सेल टीम में थानाध्यक्ष अहरौरा अजय मिश्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल महिमा उपाध्याय और रिजर्व कांस्टेबल अंकितअवस्थी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

